रहटा-बराटेनी के बीच NH-106 पर हादसा, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल


 उदाकिशुनगंज। थाना क्षेत्र के एनएच-106 पर रहटा और बराटेनी के बीच स्टेज बोरिंग के पास रविवार रात करीब 9 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक जख्मी हो गया। घायल की पहचान आलमनगर थाना क्षेत्र के तिलकपुर वार्ड संख्या-2 निवासी तिलो शर्मा के पुत्र कौशल शर्मा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, कौशल शर्मा बाइक से अपने जीजा के गांव पतनी रहटा जा रहा था। इसी दौरान स्टेज बोरिंग के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में कौशल शर्मा घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उदाकिशुनगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद कौशल शर्मा की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ